सूर्यभान द्विवेदी, अमेठी: चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शासन के निर्देश पर तहसील अमेठी क्षेत्र में राजस्व, विपणन एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़े चीनी व्यापारियों के गोदामों और थोक दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने दो बड़े गोदामों में पहुंचकर चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।
अभिलेखों की भी हुई जांच
अधिकारियों ने गोदामों में रखी चीनी के स्टॉक का मिलान स्टॉक रजिस्टर से किया। इसके अलावा खरीद-बिक्री से संबंधित अभिलेख और अन्य दस्तावेज भी जांचे गए। जांच के दौरान दोनों स्थानों पर चीनी का स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप पाया गया। टीम ने व्यापारियों को स्टॉक का नियमानुसार रखरखाव करने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
चार हजार कुंतल से अधिक स्टॉक पर कार्रवाई
अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से चार हजार कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए तहसील अमेठी क्षेत्र में दो बड़े गोदामों की जांच की गई। दोनों स्थानों पर स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप मिला है। उन्होंने बताया कि अन्य बड़े व्यापारियों को भी निर्धारित सीमा में चीनी रखने की सख्त हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजार में कृत्रिम रूप से चीनी की कमी पैदा कर कीमत बढ़ाने की कोशिश करने वालों पर नजर रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी गोदामों और थोक कारोबारियों के यहां जांच का अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई से बड़े कारोबारियों में हड़कंप है।