भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को आखिरकार नया स्थायी निदेशक मिल गया है। अभी तक कडप्पा एयरपोर्ट में संयुक्त महाप्रबंधक के पद पर काम कर रहे सुजीत कुमार पोद्दार को भोपाल एयरपोर्ट की कमान सौंपी गई है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी एएआई ने मंगलवार को इस नियुक्ति से जुड़े आदेश जारी कर दिए।
दो महीने से खाली था डायरेक्टर का पद
राजा भोज एयरपोर्ट में डायरेक्टर की स्थायी कुर्सी करीब दो महीने से खाली चल रही थी। इसकी वजह यह रही कि पूर्व डायरेक्टर रामजी अवस्थी का तबादला कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर पद पर कर दिया गया था। उनके जाने के बाद भोपाल में किसी नियमित निदेशक की नियुक्ति नहीं हो पाई थी, जिसके चलते आलोक त्रिपाठी को कार्यकारी डायरेक्टर के रूप में एयरपोर्ट की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
13 अक्टूबर को संभालेंगे पदभार
अब इस खाली पद को भरते हुए सुजीत कुमार पोद्दार को नया निदेशक बनाया गया है। वे 13 अक्टूबर तक भोपाल पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद वे एयरपोर्ट से जुड़े प्रशासनिक और संचालन संबंधी सभी कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके पदभार ग्रहण करते ही राजा भोज एयरपोर्ट में एक बार फिर नियमित डायरेक्टर की व्यवस्था बहाल हो जाएगी, जिससे एयरपोर्ट के दिन प्रतिदिन के कामकाज में और तेजी आने की उम्मीद है।