संजय पांडेय, सागर: सागर जिले के बहुचर्चित बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा को पुलिस ने देर रात एक शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। यह मुठभेड़ बराठा क्षेत्र के हनुमान टोंक के जंगलों में हुई, जहाँ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जंगल में घेराबंदी के दौरान फायरिंग
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी रवि लखेरा हनुमान टोंक के जंगलों में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली रवि लखेरा के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
UP पुलिस के नक्शेकदम पर MP पुलिस: सागर शराब कांड के मुख्य आरोपी रवि लखेरा का पुलिस ने किया शॉर्ट एनकाउंटर...! pic.twitter.com/oD279WjdCF
अवैध हथियार बरामद, छतरपुर का निवासी है आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपी की पहचान रवि लखेरा (पिता: सुरेश लखेरा), निवासी ग्राम महवा, थाना ओरछा रोड, जिला छतरपुर के रूप में हुई है।
नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद
बंडा जहरीली शराब कांड में पुलिस पहले भी कई आरोपियों पर कार्रवाई कर चुकी है। ऐसे में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जांच में एक बड़ी और अहम कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद अवैध शराब के निर्माण, सप्लाई और इस पूरे गिरोह के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।