कुलदीप शुक्ला, संग्रामपुर: विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र में खौपुर बुजुर्ग-भादर मार्ग से पूरे तिवारी छाछा जाने वाला करीब एक किलोमीटर संपर्क मार्ग पिछले चार वर्षों से जर्जर हालत में पड़ा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समस्या जनप्रतिनिधियों के सामने रखी गई, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी।
ग्रामीण अमित तिवारी ने बताया कि भादर से संग्रामपुर ब्लॉक जाने वाले मुख्य मार्ग से करीब एक किलोमीटर संपर्क मार्ग गांव तक आता है। लंबे समय से सड़क खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
जर्जर सड़क से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा
ग्रामीण आलोक तिवारी ने बताया कि यह गांव का प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है।
स्कूली बच्चों को भी होती है परेशानी
मुन्ना लाल उर्फ मुलायम यादव ने बताया कि इस मार्ग से ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी आवागमन करते हैं। बच्चे सेनपुर और धौरहरा होते हुए प्रतापगढ़ पढ़ने के लिए जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीण चंदन कोरी, झगरूराम, असरफी लाल गुप्ता आदि ने संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से गांव के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।