प्रमोद शर्मा, हापुड़/धौलाना: धौलाना-मसूरी रोड पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक से घर लौट रहीं दो महिलाएं अचानक हादसे का शिकार हो गईं। बाइक पर सवार एक महिला की साड़ी का हिस्सा चैन कवर में फंसने से बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव डहाना निवासी महिलाएं दवाई लेने के बाद बाइक से वापस अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे धौलाना-मसूरी रोड पर पहुंचीं, इसी दौरान बाइक पर बैठी एक महिला की साड़ी का हिस्सा अचानक बाइक के चैन कवर में फंस गया। साड़ी के फंसते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों महिलाएं सड़क पर जा गिरीं।
अचानक हुए हादसे से सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने घायल महिलाओं को संभाला। हादसे में मसूरी क्षेत्र के गांव पूठी निवासी सत्तों और ब्रिजेश घायल बताई गई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया बाइक का संतुलन साड़ी के चैन कवर में फंसने के कारण बिगड़ने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।