Hapur Crime News

Hapur Crime News: जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में आक्रोश

गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दौताई और सौगढ़ गांवों के बीच जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब खेत के किनारे अवशेष और आसपास फैला खून...

By : विकास जैन
Hapur Crime News: जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में आक्रोश

Hapur Crime News: जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में आक्रोश

प्रमोद शर्मा, हापुड़: गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह दौताई और सौगढ़ गांवों के बीच जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने जब खेत के किनारे अवशेष और आसपास फैला खून देखा तो उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

बताया गया कि सुबह करीब नौ बजे कुछ किसान अपने खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेत के आसपास बड़ी संख्या में पक्षियों को मंडराते देखा। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीण जब मौके पर पहुंचे तो वहां गोवंश के अवशेष पड़े हुए थे। आसपास खून भी फैला था। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना गांव में पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के क्षेत्र की भी जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष नजर आया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटना से क्षेत्र का माहौल खराब हो सकता है, इसलिए पुलिस को मामले में तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए।

गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दौताई और सौगढ़ के बीच जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे कौन लोग हैं और यह वारदात कब तथा किस तरह हुई। घटना के बाद से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।