राजेश जायसवाल, महरागंज: भारत-नेपाल सीमा पर एक बार फिर विदेशी मक्का और कद्दू के बीज की तस्करी का कारोबार तेज होने की चर्चा है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार तस्कर प्रतिदिन लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का मक्का एवं कद्दू का बीज नेपाल से भारतीय क्षेत्र में ला रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह गतिविधि मुख्य रूप से सोनौली कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेन्दा एवं हरदी डाली के पगडंडी मार्गों के जरिए संचालित की जा रही है।
रात में होती तस्करी!
सूत्रों का कहना है कि तस्कर पहले नेपाल की ओर बड़ी मात्रा में मक्का और कद्दू के बीज का भंडारण करते हैं। इसके बाद रात के समय मौका देखकर मोटरसाइकिलों के माध्यम से पगडंडी रास्तों से भारतीय सीमा में प्रवेश कराया जाता है। तस्करी कर लाए गए बीजों को नौतनवा थाना क्षेत्र के कस्बे में नवीन सब्जी मंडी के आसपास इकट्ठा किया जाता है, जहां से उन्हें अन्य जिलों के व्यापारियों तक पहुंचाया जाता है।
निगरानी के बावजूद तस्कर सक्रिय
सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी के बावजूद तस्कर नए-नए रास्तों का इस्तेमाल कर अपने कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। बीजों की मांग बढ़ने के कारण यह अवैध कारोबार तेजी से फैल रहा है, सोनौली कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा का कहना है कि अगर तस्करी हो रही है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।