बृजेश मिश्रा, अमेठी: आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अमेठी में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बुधवार को सपा नेता शिव प्रताप यादव के नेतृत्व में पीडीए जन संवाद महा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पीडीए समाज के लोगों की भीड़ जुटी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सपा जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, पूर्व विधायक हरि चरण यादव और सपा महिला सभा जिलाध्यक्ष गुंजन सिंह मौजूद रहीं। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
पीडीए की एकजुटता पर जोर
वक्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान के लिए आवाज बुलंद करने की अपील की। साथ ही पीडीए की एकजुटता मजबूत करने और समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारे लगाए और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा की जमीनी सक्रियता भी नजर आई।
प्रीति पाल की प्रस्तुति ने बांधा समां
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायिका प्रीति पाल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। उनके जोशीले गीतों पर युवाओं और कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया। सपा नेता शिव प्रताप यादव ने सम्मेलन में पहुंचे नेताओं, कार्यकर्ताओं और पीडीए समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जन संवाद कार्यक्रमों के जरिए लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझकर उनकी आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास जारी रहेगा।