CG Sugarcane Price: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबर सामने आई है। प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय की सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए गन्ने की खरीदी दर को बढ़ाकर 425 प्रति क्विंटल करने का ऐलान किया है। देर रात किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक के बाद यह ऐतिहासिक फैसला लिया गया।
किसान संघ की मुख्यमंत्री से मुलाकात
किसान संघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से देर रात मुलाकात कर गन्ना किसानों की लागत, पेराई सत्र की व्यवस्थाओं और उपज के बेहतर मूल्य से जुड़े मुद्दों को रखा था। जिसकें बाद किसानों की मांगों और सुझावों पर मुख्यमंत्री साय ने मौके पर ही गन्ने के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी करने का निर्देश दिया।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
नई दरों के लागू होने से गन्ना किसानों को अब 425 प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा, जो राज्य में अब तक का सबसे बेहतर मूल्य माना जा रहा है। पेराई सत्र 2025-26 के लिए संशोधित भुगतान दरों से किसानों की आय में वृद्धि होगी। राज्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से गन्ना खेती को बढ़ावा मिलेगा और किसान आर्थिक रूप से अधिक मजबूत होंगे।