MP TET Exam New Date: मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा TET की तैयारी कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। एमपी टीईटी 2026 की परीक्षा तारीख को एक बार फिर आगे बढ़ा दिया गया है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल अब इस परीक्षा का आयोजन दिसंबर 2026 के दूसरे सप्ताह में कराने की तैयारी कर रहा है। हालांकि तारीख बदलने की अधिकारिक घोषणा होना बाकी है।
तारीख बदलने की क्या रही वजह?
दरअसल, पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, टीईटी परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जानी थी। हालांकि, फॉर्म भरने की समयसीमा में तीन बार विस्तार किए जाने के कारण परीक्षा का पूरा शेड्यूल प्रभावित हुआ है। फिलहाल दिसंबर के दूसरे सप्ताह में परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
अब तक 34 हजार आवेदन
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, टीईटी परीक्षा के लिए अब तक कुल 34,000 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिनमें से करीब 4,500 आवेदन सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों के हैं, तो वही करीब 30,000 आवेदन प्राइवेट स्कूलों के शिक्षकों द्वारा भरे गए हैं।
परीक्षा केंद्र और पात्रता के नियम
परीक्षा संचालन के लिए जिला और संभागवार परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। इसके लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षकों की अलग-अलग सूची तैयार कर सेंटरों का आवंटन किया जाएगा। परीक्षा में शामिल हो रहे शिक्षकों को पात्रता परीक्षा पास करने के लिए 3 मौके दिए जाएंगे। नए दिशानिर्देशों के अनुसार, संबंधित शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक टीईटी परीक्षा अनिवार्य रूप से उत्तीर्ण करनी होगी।