अंकित पाण्डेय, अमेठी: लगातार तीन-चार दिनों से हो रही बारिश के बीच जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने रविवार को मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र मुसाफिरखाना, गोमती नदी के रीछ घाट व आम घाट समेत जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर बारिश के दौरान विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ताओं को सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पोल गिरने, तार टूटने या अन्य तकनीकी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई कर आपूर्ति बहाल कराने को कहा। उन्होंने विद्युत टीमों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने आगामी मूर्ति विसर्जन को लेकर रीछ घाट और आम घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग समेत अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
बारिश से हुए जलभराव को लेकर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने को कहा। जिलाधिकारी ने वर्षा से प्रभावित फसलों का सर्वे कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि नुकसान वाले क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि पात्र किसानों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति एवं अनुमन्य लाभ दिलाया जा सके। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत, उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना, तहसीलदार मुसाफिरखाना सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।