डॉ अतुल मोहन सिंह, लखनऊ: लखनऊ के मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन की पहचान जल्द ही बदलने जा रही है। अब जानकीपुरम के नाम पर इस स्टेशन का नाम जानकीपुरम रेलवे स्टेशन रखने की तैयारी है। इसके लिए लखनऊ उत्तर क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने राज्य सरकार और रेल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा है। नाम बदलने के साथ-साथ इस स्टेशन को आधुनिक रूप देने की योजना पर भी काम शुरू हो गया है। सीतापुर और लखीमपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यहां सुविधाओं का कायाकल्प किया जाएगा।
स्टेशन पर मिलेंगी ये नई सुविधाएं
परिसर में हाई-स्पीड वाई-फाई और ट्रेनों की समय से सटीक जानकारी के लिए आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। धूप और बारिश से मुसाफिरों को बचाने के लिए प्लेटफॉर्म शेड का दायरा बढ़ाया जाएगा। स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव के साथ-साथ नई ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की भी योजना है, जिससे स्थानीय और दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
