Bhopal Sealing Protest: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आवासीय इलाकों में व्यावसायिक गतिविधियों पर नगर निगम द्वारा की जा रही सीलिंग कार्रवाई के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। इसके विरोध में होशंगाबाद रोड के व्यापारी 7 सितंबर 2026 को बाजार बंद रखेंगे। इसके साथ ही व्यापारी सुबह 11 बजे वृंदावन ढाबा से बागसेवनिया थाने तक विशाल विरोध रैली निकालेंगे।
दानिश नगर से समरधा तक दुकानें रहेंगी बंद
होशंगाबाद रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजवीर सिंह ने बताया कि होशंगाबाद रोड से दानिश नगर और 11 मील से समरधा तक के सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। व्यापारियों की मुख्य मांग नगर निगम द्वारा चलाई जा रही सीलिंग की कार्रवाई पर तुरंत रोक लगाने की है। इस आंदोलन को भोपाल व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष आनंद सोनी ने भी समर्थन दिया है।
12 दिन से थमी नोटिस प्रक्रिया
दूसरी ओर, नगर निगम की सीलिंग ड्राइव पिछले कुछ दिनों से सुस्त पड़ती दिख रही है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले 12 दिनों से किसी नए कारोबारी को नोटिस जारी नहीं हुआ है। इसके अलावा बीते चार दिनों से सीलिंग और दो दिनों से पंचनामा की कार्रवाई भी रुकी हुई है।
अब तक 190 संस्थान बंद
नगर निगम ने शहर में लगभग 62,500 आवासीय संपत्तियों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों पर 20 दिनों के अंदर कार्रवाई का लक्ष्य तय किया था। अब तक 8,084 संस्थानों को नोटिस थमाए गए हैं। वही 275 कारोबारियों को अंतिम नोटिस जारी हुआ। तो वही 190 संस्थान पूरी तरह बंद कर दिए गए है।