Jyotiraditya Scindia Action: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने तीन दिवसीय संसदीय क्षेत्र दौरे के तहत शिवपुरी पहुंचे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला समन्वय और निगरानी समिति की समीक्षा बैठक लेने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने भू-माफियाओं पर नकेल कसने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिवपुरी शहर से ही बड़े-बड़े भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जाए।
भले ही मेरा अपना व्यक्ति क्यों न हो...
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी शहर से शुरुआत कर बड़े-बड़े मगरमच्छ भू-माफियाओं पर कार्रवाई की जाए। गलत काम करने वालों को संरक्षण नहीं मिलेगा, चाहे वह मेरा ही समर्थक क्यों न हो। उन्होंने बताया कि कलेक्टर और एसपी को भू-माफियाओं को चिह्नित कर बिना किसी दबाव के कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
राशन घोटाले अब भू-माफिया
सिंधिया गुना और शिवपुरी के तीन दिवसीय दौरे पर थे। दो दिन गुना में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वे शिवपुरी जिला मुख्यालय पहुंचे थे। बता दें कि पिछले दौरे के दौरान सिंधिया ने राशन माफियाओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद शिवपुरी में करोड़ों रुपये का राशन घोटाला उजागर हुआ था और कई राशन माफियाओं को जेल की हवा खानी पड़ी थी। बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा भी की।