प्रमोद शर्मा, हापुड़: हाफिजपुर थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये की चोरी की झूठी सूचना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अतुल चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में ही पुलिस को मामला संदिग्ध नजर आया। शक की सुई सूचना देने वाले व्यक्ति की ओर घूमी तो पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। कुछ ही देर में ऐसा राज खुला कि पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपने मालिक से पांच लाख रुपये लिए थे। लकड़ी के व्यापारी मालिक की रकम किसी को देने के लिए ले जाने की बात बताई गई थी। इसके बाद आरोपी ने रकम हड़पने के लिए पूरा षड्यंत्र रच डाला। योजना के तहत उसने पुलिस को सूचना दे दी कि रास्ते में उसके पास से पांच लाख रुपये चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी।
जांच में कहानी में दिखीं दरारें
पुलिस टीम ने जब घटना के संबंध में आरोपी से पूछताछ की और उसके बताए घटनाक्रम को बारीकी से परखा तो कई बातें संदिग्ध मिलीं। पुलिस को उसकी कहानी पर भरोसा नहीं हुआ। इसके बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपी ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मालिक को गुमराह कर पांच लाख रुपये हड़पने के लिए उसने चोरी की झूठी कहानी गढ़ी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पूरे पांच लाख रुपये नकद बरामद कर लिए। इस कार्रवाई से साफ हो गया कि जिस चोरी की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी, वह असल में चोरी थी ही नहीं, बल्कि रकम हड़पने के लिए रची गई साजिश थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में किया खुलासा
मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की और जांच के दौरान घटना की सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से पांच लाख रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। हाफिजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जहां झूठी चोरी की सूचना का चंद घंटों में पर्दाफाश हो गया, वहीं पुलिस ने यह भी साफ कर दिया कि फर्जी सूचना देकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। घटना के खुलासे के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मालिक की रकम हड़पने के लिए रची गई इस ‘फर्जी चोरी’ की पटकथा ने पुलिस को भी चौंका दिया।