विवेक सिंह, संग्रामपुर/अमेठी: विकासखंड क्षेत्र के उत्तर गांव में लाखों रुपये की लागत से बना एएनएम सेंटर देखरेख के अभाव में जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। भवन की हालत खराब होने के कारण यहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। स्वास्थ्य कर्मियों को मजबूरन प्राथमिक विद्यालय अथवा अन्य स्थानों पर बैठकर स्वास्थ्य कार्यक्रम संचालित करने पड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि एएनएम सेंटर में स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित तैनाती नहीं होने से उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में टीकाकरण के लिए ही कभी-कभार स्कूल परिसर में कैंप लगाया जाता है। अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के मुताबिक एएनएम सेंटर के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की देखभाल व प्रसव संबंधी सेवाओं के साथ दवाओं की उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड बनाने तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ लोगों को स्थानीय स्तर पर मिल सकता है। भवन जर्जर होने से इन सुविधाओं का लाभ प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जर्जर एएनएम सेंटर का जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कराने और यहां नियमित स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि भवन का मरम्मत कार्य होने से आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।स्वास्थ्य अधिकारी संग्रामपुर ने बताया कि उत्तर गांव का एएनएम सेंटर भवन जर्जर है। फिलहाल टीकाकरण कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय उत्तर गांव में कैंप लगाकर संचालित किया जा रहा है।