गौरव गुप्ता, आगर-मालवा: मध्यप्रदेश में बारिश का कहर अब अपने चरम पर पहुंच गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही लगातार बारिश के चलते हालात खराब होते जा रहे है। आगर मालवा जिले में भी हालात कुछ ऐसे ही है। जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचना के अनुसार तहसील सोयत, थाना सोयत क्षेत्र में सुबह से हो रही लगातार वर्षा के कारण निचले स्थानों पर जलभराव की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना एवं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा जनसुरक्षा तथा राहत एवं बचाव के लिए होमगार्ड एवं एसडीआरएफ की टीम को तत्काल सोयत भेजा गया हैं।
SDRF ने संभाला मोर्चा
कंपनी कमांडर के नेतृत्व में SDRF के जवान लक्ष्मण, गोविंद, मनीष तथा होमगार्ड के जवान विजेंद्र, महेंद्र आवश्यक राहत सामग्री सहित शासकीय वाहन से मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए है। कंपनी कमांडर सुश्री कविता सोलंकी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि एसडीएम श्रीमती देव कुंवर सोलंकी एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री अर्पिता राय भी सोयत पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्यों पर निगरानी रखे हुए हैं।
जनहानि की सूचना नही
हालांकि अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
जिले के नागरिकों से अपील है कि जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन न करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।