Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहना योजना में आपका नाम छूट गया था और आप हर महीने मिलने वाले 1500 रुपये का इंतजार कर रही हैं? तो आपके लिए एक बड़ी खबर है! मध्य प्रदेश में अब छूटी हुई महिलाओं को भी योजना से जोड़ने की उम्मीद बढ़ गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐसे संकेत दिए हैं, जिसके बाद सवाल उठ रहा है कि क्या लाड़ली बहना योजना का पोर्टल दोबारा खुलने वाला है?
सीएम मोहन ने दिए निर्देश
दरअसल, मध्य प्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना से अब तक वंचित रह गई महिलाओं को जोड़ने की संभावना पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अधिकारियों को इसका आकलन करने के निर्देश दिए हैं। यानी सरकार ये देख रही है कि योजना से छूट गई महिलाओं को किस तरह लाभ दिया जा सकता है। लेकिन अभी पोर्टल खुलने की तारीख तय नहीं हुई है। नए आवेदन कब से लिए जाएंगे, आवेदन करने का तरीका क्या होगा और पात्रता के नियमों में कोई बदलाव होगा या नहीं—इन सवालों पर भी स्थिति साफ नहीं है।
कब खुलेगा पोर्टल?
मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भी कहा है कि फिलहाल ये बताना संभव नहीं है कि पोर्टल कब खुलेगा। इसलिए अभी इसे आवेदन शुरू होने का ऐलान नहीं, बल्कि नई उम्मीद के तौर पर देखना चाहिए। वहीं, योजना के तहत करीब 1 करोड़ 25 लाख पात्र महिलाओं के खातों में 1500 रुपये की किस्त भेजी गई है। इस बार करीब 1834 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि ट्रांसफर की गई।
क्या योजना में जुड़ेंगे नए नाम?
अब उन महिलाओं की नजर सरकार के अगले फैसले पर है, जो किसी वजह से योजना में आवेदन नहीं कर पाईं या जिनका नाम लाभार्थियों की सूची में शामिल नहीं हो पाया। तो अगर आपके घर में भी कोई महिला लाड़ली बहना योजना के लाभ से छूट गई है, तो ये खबर आपके लिए अहम है। हालांकि, नए आवेदन की तारीख और नियमों को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।