प्रमोद शर्मा, हापुड़: रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले योगी सरकार ने मातृशक्ति के लिए बड़ा तोहफा दिया है। अब बहनें राखी बांधने मायके जाएं या किसी जरूरी काम से सफर करें, रोडवेज बस का किराया उनकी जेब पर बोझ नहीं बनेगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया गया। हापुड़ कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इस ऐतिहासिक पहल का सजीव प्रसारण दिखाया गया।
क्या बोले मंत्री कपिल देव?
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप नारी सम्मान और सशक्तिकरण की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त 2026 से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक प्रदेश की सभी महिलाओं, माताओं और बहनों को सहयात्री सहित रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा का उपहार दिया गया है। यानी राखी के त्योहार पर मायके जाने वाली बहनों को किराये की चिंता नहीं करनी होगी। सरकार की इस सुविधा से महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि वे अपने परिजनों से मिलने के लिए आसानी से सफर भी कर सकेंगी। योजना का लाभ उठाने के लिए यात्रा के दौरान आधार कार्ड दिखाना होगा।
मंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के बाद भी मातृशक्ति के लिए सरकार का यह तोहफा जारी रहेगा। 29 अगस्त के बाद 60 वर्ष या उससे अधिक आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को रोडवेज बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनकी सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना है।
मातृशक्ति का सम्मान
कार्यक्रम में सिर्फ घोषणा ही नहीं हुई, बल्कि मातृशक्ति का सम्मान भी किया गया। रक्षाबंधन के उपहार के रूप में महिलाओं को एक साड़ी और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया गया। उपहार पाकर महिलाओं के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। मौजूद महिलाओं ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे यात्रा का खर्च कम होगा और उन्हें आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह योजना महज मुफ्त बस यात्रा नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और प्रदेश सशक्त होगा।”
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कविता माधरे, एआरएम रोडवेज, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सांसद प्रतिनिधि सहित संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम में “मातृशक्ति लाभ उठाएं-मनचाही यात्रा पर जाएं” का संदेश गूंजता रहा।