MS Dhoni Retirement: भारतीय क्रिकेट के सबसे चहेते कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग IPL को भी हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए उन्हें टीम का नया मेंटर नियुक्त किया है। इसके साथ ही 19 साल लंबे उनके ऐतिहासिक आईपीएल सफर पर आधिकारिक रूप से विराम लग गया है।
19 साल का शानदार सफर
एमएस धोनी ने अपने 19 साल के आईपीएल करियर में कुल 278 मैच खेले और 5,314 रन बनाए। इस लंबे सफर में उन्होंने 17 सीजन अकेले चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताए। साल 2016 और 2017 में जब सीएसके पर प्रतिबंध लगा था, तब उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की तरफ से खेला था। धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 5 बार आईपीएल खिताब और 2 बार चैंपियंस लीग टी-20 की ट्रॉफी अपने नाम की।
कैसे हुआ संन्यास का फैसला?
सीएसके की मालकिन रूपा गुरुनाथ ने खुलासा किया कि शनिवार को जब 2027 के रिटेंशन और रिलीज होने वाले खिलाड़ियों की सूची पर वीडियो कॉल के जरिए चर्चा हो रही थी, तब धोनी ने बेहद सहज अंदाज में कहा, इस लिस्ट में मेरा नाम भी जोड़ दीजिए। टीम मैनेजमेंट के लिए यह पल बेहद भावुक कर देने वाला था।
धोनी का इमोशनल वीडियो
क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद धोनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा "फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया। अपनी गलती स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना नहीं हो सकता था। शायद इसके दो वर्जन बनाए गए थे, ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार भी कर सकूं।
आपको बता दें कि 15 अगस्त 2020 को जब उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था, तब भी उन्होंने अपने वीडियो में मशहूर गाना ‘पल दो पल का शायर’ इस्तेमाल किया था। अब आईपीएल से उनके इस फैसले ने करोड़ों फैंस की आंखें नम कर दी हैं, हालांकि मेंटर के रूप में उनका यह नया सफर येलो आर्मी के साथ जारी रहेगा।