Honey Trap: प्यार के जाल से जासूसी का खेल

प्यार, धोखा और जासूसी: जब खुफिया एजेंसियों ने रिश्तों को बनाया हथियार, जानिए दुनिया के चर्चित हनी ट्रैप ऑपरेशन

हनी ट्रैप के जरिए खुफिया एजेंसियां कैसे लोगों के निजी रिश्तों को जासूसी का हथियार बनाती हैं? जानिए Nvidia विवाद से लेकर KGB, Stasi और Mossad के चर्चित मामलों तक की पूरी कहानी।

By : हितेंद्र शर्मा
प्यार, धोखा और जासूसी: जब खुफिया एजेंसियों ने रिश्तों को बनाया हथियार, जानिए दुनिया के चर्चित हनी ट्रैप ऑपरेशन

नई दिल्ली। जासूसी की दुनिया में हर राज सैटेलाइट, कैमरे, साइबर हमले या अत्याधुनिक तकनीक से नहीं चुराया जाता. कई बार किसी देश के सबसे संवेदनशील राज तक पहुंचने के लिए खुफिया एजेंसियां इंसानी भावनाओं का सहारा लेती हैं । किसी अधिकारी से दोस्ती करना, उसके करीब आना, प्रेम संबंध बनाना और फिर उसी रिश्ते के जरिए गोपनीय जानकारी हासिल करना जासूसी की पुरानी लेकिन बेहद चर्चित रणनीति रही है।  इसे हनी ट्रैप (Honey Trap) कहा जाता है। 

इस रणनीति में प्यार और आकर्षण केवल दिखावा हो सकते हैं. जबकि असली मकसद किसी व्यक्ति की निजी जिंदगी तक पहुंच बनाकर उससे सैन्य, राजनीतिक, कारोबारी या तकनीकी जानकारियां हासिल करना होता है । कभी निजी तस्वीरों और संदेशों के जरिए ब्लैकमेल किया जाता है तो कभी लंबे समय तक भरोसा जीतकर व्यक्ति को ही जानकारी जुटाने का माध्यम बना दिया जाता है। 

शीत युद्ध के दौर में सोवियत संघ की KGB और पूर्वी जर्मनी की Stasi ने इस तरह के अभियानों के लिए खास पहचान बनाई,  इजरायल की Mossad और पश्चिमी देशों की खुफिया एजेंसियों के कुछ अभियानों में भी निजी संपर्कों और आकर्षण की भूमिका सामने आई। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेमीकंडक्टर जैसी तकनीकों की बढ़ती अहमियत के बीच Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग से जुड़ा विवाद एक बार फिर इस रणनीति को चर्चा में ले आया है। 

Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग का विवाद क्या है?

नवंबर 2026 में दुनिया की प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों में शामिल Nvidia के सीईओ जेनसन हुआंग का नाम कथित चीनी जासूसी अभियान से जुड़े विवाद में सामने आया । इस मामले के केंद्र में एलिस हुआंग (Alice Huang) हैं जिन्हें कुछ रिपोर्टों में हुआंग ले (Huang Le) नाम से भी पहचाना गया है । उनका जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक संबंध नहीं है।

एलिस हुआंग सिंगापुर की एआई और डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल से जुड़ी रही हैं।  अमेरिकी अधिकारियों के आकलन का हवाला देते हुए मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि चीन की खुफिया एजेंसी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी (MSS) ने उन्हें अपने लिए काम करने के लिए भर्ती किया था । आरोप है कि उनका काम अमेरिकी तकनीकी उद्योग और Nvidia से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां जुटाना हो सकता था।

 रिपोर्टों के मुताबिक एलिस हुआंग और जेनसन हुआंग के बीच करीबी निजी संबंध बने, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह था कि इस संपर्क का इस्तेमाल Nvidia की एडवांस AI चिप तकनीक, कंपनी की व्यावसायिक योजनाओं और अमेरिकी निर्यात नीतियों से जुड़ी जानकारी तक पहुंच बनाने के लिए किया जा सकता है । 

यह विवाद इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका और चीन के बीच सेमीकंडक्टर तकनीक को लेकर पहले से तनाव है, अमेरिका ने चीन को कुछ उन्नत Nvidia चिप बेचने पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं । इन चिप का इस्तेमाल केवल कंप्यूटर और सामान्य कारोबार में ही नहीं, बल्कि सैन्य अनुसंधान, साइबर सुरक्षा और आधुनिक निगरानी प्रणालियों में भी हो सकता है। 

क्या चिप कारोबार भी इस विवाद का हिस्सा है?

मीडिया रिपोर्टों में मेगास्पीड और उससे जुड़े कारोबार के माध्यम से Nvidia की चिप चीन तक पहुंचने और बड़ी मात्रा में चिप की खरीद और आपूर्ति का दावा किया गया है ।  इस मामले में जेनसन हुआंग ने Nvidia के कर्मचारियों को भेजे संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की और परिवार तथा कर्मचारियों से माफी मांगी । उन्होंने यह भी कहा कि वह कंपनी की जांच में सहयोग करेंगे, इसके बाद Nvidia के निदेशक मंडल ने स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की ।

कंपनी ने कहा कि फिलहाल उसके पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि Nvidia के व्यापारिक रहस्य या अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां लीक हुई हैं।  चीन ने भी इन आरोपों को निराधार बताया है। 

पूर्वी जर्मनी की Stasi ने प्यार को बनाया था जासूसी का नेटवर्क

 हनी ट्रैप के इतिहास में पूर्वी जर्मनी की खुफिया एजेंसी Stasi का तरीका काफी चर्चित रहा है, शीत युद्ध के दौरान जर्मनी दो हिस्सों में बंटा हुआ था पश्चिमी जर्मनी में कई सरकारी विभागों, मंत्रालयों और सुरक्षा संस्थानों में महिलाएं अहम पदों पर काम कर रही थीं । इनमें से कुछ के पास गोपनीय सरकारी दस्तावेजों और वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच थी। 

पूर्वी जर्मनी की खुफिया एजेंसी ने इसी स्थिति का फायदा उठाने की योजना बनाई,  इसके लिए पुरुष एजेंटों को पश्चिमी जर्मनी भेजा जाता था । वे पहले किसी महिला से सामान्य परिचय बढ़ाते फिर दोस्ती और प्रेम संबंध के जरिए उसका भरोसा जीतते थे। इन एजेंटों को लोकप्रिय रूप से 'रोमियो स्पाई' कहा गया।

मार्कस वुल्फ को पूर्वी जर्मनी के विदेशी खुफिया अभियान का प्रमुख रणनीतिकार माना जाता था।

इन अभियानों के पीछे Stasi के विदेशी खुफिया विभाग के प्रमुख मार्कस वुल्फ की अहम भूमिका थी। उनका मानना था कि किसी मंत्रालय में काम करने वाली एक भरोसेमंद महिला तक पहुंच बनाना कई राजनयिक संपर्कों से ज्यादा उपयोगी हो सकता है । एजेंटों को नई पहचान और पृष्ठभूमि दी जाती थी, वे ऐसी महिलाओं को निशाना बनाते थे जिनकी नौकरी के कारण उन्हें संवेदनशील सूचनाएं मिल सकती थीं।  शुरुआत में रिश्ता सामान्य दोस्ती की तरह आगे बढ़ता था। फिर एजेंट प्रेम संबंध बनाते और सही समय आने पर महिला से दस्तावेज या जानकारी जुटाने में मदद मांगते थे।

कुछ मामलों में महिलाएं अपने प्रेमी के कहने पर गोपनीय जानकारी देने लगीं । कई रिश्ते वर्षों तक चले। कुछ महिलाएं यह जानने के बाद भी एजेंटों की मदद करती रहीं कि उनका साथी असल में खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रहा है । इस रणनीति की सबसे बड़ी ताकत जल्दबाजी नहीं, बल्कि भरोसा था। एजेंट का लक्ष्य एक बार जानकारी हासिल करके गायब हो जाना नहीं होता था, वह लंबे समय तक संबंध बनाए रखकर अपने संपर्क को सरकारी व्यवस्था के भीतर लगातार सक्रिय रख सकता था।

KGB का हनी ट्रैप: जॉन वासल की जिंदगी कैसे बनी जासूसी का जरिया?

सोवियत संघ की खुफिया एजेंसी KGB का नाम भी हनी ट्रैप के इतिहास में प्रमुखता से लिया जाता है, शीत युद्ध के दौरान सोवियत एजेंट विदेशी अधिकारियों और राजनयिकों की निजी कमजोरियों पर नजर रखते थे। उनका उद्देश्य ऐसी परिस्थितियां पैदा करना था जिनका इस्तेमाल बाद में ब्लैकमेल या जानकारी हासिल करने के लिए किया जा सके ।

इसका चर्चित उदाहरण ब्रिटेन के नौसेना विभाग से जुड़े अधिकारी जॉन वासल (John Vassall) का मामला है।

वासल 1950 के दशक में मॉस्को स्थित ब्रिटिश दूतावास में काम कर रहे थे । इसी दौरान KGB ने उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी परिस्थितियों का इस्तेमाल करके उन्हें अपने दबाव में लिया, उनके कुछ निजी पलों की तस्वीरों का इस्तेमाल ब्लैकमेल के लिए किया गया। इसके बाद वासल सोवियत संघ को ब्रिटेन की संवेदनशील जानकारी देने लगे ।

मॉस्को से लौटने के बाद भी उनका संपर्क सोवियत एजेंटों से बना रहा । वे ब्रिटिश नौसेना से जुड़े दस्तावेजों तक पहुंच रखते थे, उन्होंने रडार, टॉरपीडो और पनडुब्बी रोधी उपकरणों से संबंधित गोपनीय दस्तावेज सोवियत पक्ष को दिए। 1962 में वासल को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उन्हें जासूसी के आरोप में 18 साल की जेल की सजा सुनाई। यह मामला ब्रिटेन में बड़ा राजनीतिक और सुरक्षा विवाद बन गया।

इस घटना से एक बात साफ हुई कि हनी ट्रैप का इस्तेमाल हमेशा किसी को प्रेम में फंसाकर जानकारी लेने के लिए ही नहीं होता । कभी-कभी किसी व्यक्ति की निजी पहचान या कमजोरियों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर भी उसे दूसरे देश के लिए काम करने को मजबूर किया जा सकता है। 

Mossad का चर्चित मामला: महिला एजेंट के जरिए मोर्दखाई वानुनु तक पहुंच

इजरायल की खुफिया एजेंसी Mossad का नाम भी इस तरह के अभियानों के संदर्भ में लिया जाता है, इसका एक चर्चित मामला मोर्दखाई वानुनु (Mordechai Vanunu) से जुड़ा है । वानुनु इजरायल के परमाणु कार्यक्रम से जुड़े एक पूर्व तकनीशियन थे। 1986 में उन्होंने इजरायल के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित जानकारियां और तस्वीरें ब्रिटिश मीडिया को दी थीं, इस खुलासे से इजरायल की सुरक्षा और परमाणु नीति से जुड़ा बड़ा विवाद खड़ा हो गया।

इसके बाद Mossad ने उन्हें पकड़ने के लिए अभियान चलाया । सार्वजनिक रूप से सामने आए विवरणों के मुताबिक चेरिल बेन टोव (Cheryl Ben Tov) नाम की महिला एजेंट ने 'सिंडी' (Cindy) की पहचान से वानुनु से संपर्क किया।  वह अमेरिकी पर्यटक के रूप में उनके करीब आईं और दोनों के बीच निजी संबंध बने । बाद में वह वानुनु को लंदन से इटली के रोम जाने के लिए तैयार करने में सफल रहीं ।

रोम पहुंचने के बाद वानुनु का अपहरण कर लिया गया और उन्हें इजरायल ले जाया गया, वहां उन पर मुकदमा चलाया गया और उन्हें जेल की सजा हुई।  इस मामले में आकर्षण और निजी संबंधों का इस्तेमाल किसी व्यक्ति से दस्तावेज निकलवाने के बजाय उसे एक जगह से दूसरी जगह लाने और पकड़ने के लिए किया गया था, यही वजह है कि हनी ट्रैप का दायरा केवल गोपनीय जानकारी हासिल करने तक सीमित नहीं है।

CIA और MI6 के अभियानों में भी रहे निजी संपर्कों के उदाहरण

हनी ट्रैप को केवल रूस, चीन या इजरायल की खुफिया रणनीति मानना सही नहीं होगा, अमेरिका और ब्रिटेन की खुफिया एजेंसियों के इतिहास में भी ऐसे अभियानों के उदाहरण मिलते हैं जिनमें आकर्षण, निजी संबंध और सामाजिक संपर्कों के जरिए जानकारी हासिल करने की कोशिश की गई ।

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी एमी एलिजाबेथ थोर्प (Amy Elizabeth Thorpe) 'सिंथिया' नाम से जानी जाती थीं।  वह ब्रिटिश सिक्योरिटी कोऑर्डिनेशन के लिए काम करती थीं जो उस समय अमेरिका में ब्रिटिश खुफिया गतिविधियों का केंद्र था । उन्होंने अपने सामाजिक संपर्कों और निजी संबंधों के जरिए कुछ महत्वपूर्ण राजनयिक और कूटनीतिक जानकारियां जुटाने में भूमिका निभाई ।

हालांकि उनके अभियानों को लेकर बाद में कई दावे सामने आए और कुछ विवरणों की विश्वसनीयता पर सवाल भी उठे ।  अमेरिकी CIA ने भी शीत युद्ध के दौरान पूर्वी जर्मनी के 'रोमियो स्पाई' अभियानों पर विस्तृत जानकारी प्रकाशित की है । यह दिखाता है कि पश्चिमी खुफिया एजेंसियां भी इस तरह की रणनीतियों से परिचित थीं और दूसरे देशों के अभियानों पर नजर रखती थीं ।

हनी ट्रैप कैसे काम करता है?  

किसी व्यक्ति को हनी ट्रैप में फंसाने का तरीका हर मामले में एक जैसा नहीं होता। यह इस बात पर निर्भर करता है कि निशाना कौन है उसके पास किस तरह की जानकारी है और खुफिया एजेंसी को उससे क्या हासिल करना है आमतौर पर इस रणनीति के चार प्रमुख मकसद हो सकते हैं

  1. गोपनीय जानकारी हासिल करना:  किसी अधिकारी, वैज्ञानिक या कारोबारी के करीब पहुंचकर उससे ऐसी बातें जानना, जो सामान्य संपर्कों से हासिल नहीं हो सकतीं।

  2. ब्लैकमेल करना:  निजी तस्वीरों, वीडियो, संदेशों या संबंधों का इस्तेमाल करके व्यक्ति पर दबाव बनाना और उसे जानकारी देने के लिए मजबूर करना।

  3. फैसलों को प्रभावित करना:  किसी वरिष्ठ अधिकारी या कारोबारी को निजी रिश्ते के जरिए प्रभावित करके नीतिगत या व्यावसायिक फैसलों पर असर डालने की कोशिश करना।

  4. संपर्कों का नेटवर्क तैयार करना:  व्यक्ति के जरिए उसके सहयोगियों, वरिष्ठ अधिकारियों, सरकारी विभागों और कारोबारी साझेदारों तक पहुंच बनाना।

कई बार जिस व्यक्ति को निशाना बनाया जाता है उसे शुरुआत में यह पता ही नहीं होता कि उसके साथ बनाया जा रहा रिश्ता किसी खुफिया अभियान का हिस्सा हो सकता है । धीरे-धीरे जब भरोसा बढ़ता है तो उससे छोटी-छोटी जानकारियां मांगी जाती हैं, बाद में यही जानकारियां किसी बड़े अभियान में काम आ सकती हैं।

दुनिया में कौन सी एजेंसी सबसे आगे रही?

इस सवाल का कोई पक्का जवाब देना संभव नहीं है, खुफिया एजेंसियां अपने सफल अभियानों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक नहीं करतीं । कई बार किसी अभियान की जानकारी दशकों बाद सामने आती है जबकि बहुत से ऑपरेशन हमेशा गोपनीय ही रहते हैं । फिर भी इतिहास में सामने आए मामलों के आधार पर कुछ एजेंसियों की रणनीतियां विशेष रूप से चर्चित रही हैं।

  • KGB: निजी कमजोरियों और ब्लैकमेल के जरिए विदेशी अधिकारियों से गोपनीय जानकारी हासिल करने के मामले सामने आए।

  • Stasi: रोमियो स्पाई कार्यक्रम के जरिए लंबे समय तक प्रेम संबंध बनाकर सरकारी विभागों तक पहुंच बनाने की रणनीति अपनाई गई।

  • Mossad: मोर्दखाई वानुनु मामले में महिला एजेंट के जरिए संपर्क बनाकर उन्हें पकड़ने का अभियान चलाया गया।

  • CIA और ब्रिटिश खुफिया तंत्र (MI6): युद्ध और शीत युद्ध के दौरान सामाजिक संपर्कों, आकर्षण और निजी रिश्तों के जरिए जानकारी जुटाने के उदाहरण सामने आए।

  • चीन की MSS: आधुनिक दौर में तकनीकी कंपनियों, वैज्ञानिकों और कारोबारी नेटवर्क तक पहुंच बनाने के कथित प्रयासों को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की चिंताएं सामने आई हैं । Nvidia से जुड़ा विवाद इसी संदर्भ में देखा जा रहा है ।

इसलिए किसी एक एजेंसी को दुनिया की सबसे माहिर हनी ट्रैप एजेंसी कहना मुश्किल है  KGB और Stasi के पुराने मामले ऐतिहासिक रूप से काफी चर्चित हैं लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि आज भी वही एजेंसियां इस क्षेत्र में सबसे आगे हैं।

आधुनिक दौर में क्यों बढ़ रहा है राष्ट्रीय सुरक्षा का खतरा?

पहले जासूसी का बड़ा लक्ष्य सैन्य ठिकाने, हथियारों की तकनीक, सरकारी दस्तावेज और युद्ध की योजनाएं हुआ करते थे । अब इसके साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष तकनीक और बड़े डेटा सेंटर भी जुड़ गए हैं । इन क्षेत्रों में काम करने वाले वरिष्ठ अधिकारी और वैज्ञानिक ऐसी जानकारी तक पहुंच रखते हैं, जो किसी देश की आर्थिक और सैन्य ताकत को प्रभावित कर सकती है । किसी तकनीकी कंपनी के सीईओ या वरिष्ठ कर्मचारी के निजी संपर्कों के जरिए संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बनाने की कोशिश भी इसी कारण गंभीर मानी जाती है।

Nvidia का विवाद इस नए खतरे की ओर ध्यान खींचता है, दुनिया में AI चिप की मांग तेजी से बढ़ रही है । अमेरिका और चीन के बीच इन चिप की आपूर्ति को लेकर रणनीतिक प्रतिस्पर्धा है। ऐसे में किसी कंपनी के शीर्ष अधिकारी और उसके कारोबारी संपर्कों से जुड़ा कोई भी सुरक्षा सवाल केवल निजी मामला नहीं रह जाता। सरकारी संस्थानों और बड़ी कंपनियों को इस खतरे से निपटने के लिए कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी ट्रेनिंग देनी चाहिए। संवेदनशील सूचनाओं तक पहुंच सीमित रखना, संदिग्ध संपर्कों की जांच करना और जानकारी साझा करने के स्पष्ट नियम बनाना भी जरूरी है।

जासूसी की दुनिया में इंसानी भावनाएं आज भी बड़ा हथियार

तकनीक कितनी भी आधुनिक क्यों न हो जाए, खुफिया एजेंसियों के लिए इंसानी व्यवहार और भावनाओं की अहमियत खत्म नहीं हुई है । KGB के जॉन वासल मामले से लेकर Stasi के रोमियो स्पाई अभियान और Mossad के वानुनु ऑपरेशन तक, इतिहास में ऐसे कई उदाहरण हैं जहां निजी रिश्तों का इस्तेमाल खुफिया मकसद से किया गया। 

  हनी ट्रैप की सबसे बड़ी ताकत यही है कि इसमें हथियार या तकनीक दिखाई नहीं देते। सामने एक सामान्य रिश्ता होता है, लेकिन उसके पीछे किसी देश की रणनीतिक जरूरत, गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बड़ा खेल छिपा हो सकता है।

संबंधित सामग्री

दिल्ली से पटना सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, जानिए भारत के नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की A to Z जानकारी

दिल्ली से पटना सिर्फ 4 घंटे 41 मिनट में, जानिए भारत के नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की A to Z जानकारी

दिल्ली से पटना का सफर 4 घंटे 41 मिनट में पूरा करने की योजना है। जानिए 1,500 किमी के नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का रूट, बिहार के स्टेशन और संभावित यात्रा समय।

Nov 17, 2026
क्वाड बैठक में पीएम मोदी का वीडियो वायरल, तिरंगे वाला मार्कर उठाकर जेब में रखा; ट्रंप ने बताया 'टफ मैन'

क्वाड बैठक में पीएम मोदी का वीडियो वायरल, तिरंगे वाला मार्कर उठाकर जेब में रखा; ट्रंप ने बताया 'टफ मैन'

मनीला में क्वाड नेताओं के फोटो-ऑप के दौरान पीएम मोदी ने फर्श पर पड़ा भारतीय झंडे का मार्कर उठाकर जेब में रखा। ट्रंप ने भी उनकी तारीफ की।

Nov 17, 2026
BBC, CNN और Zoom जैसी 178 वेबसाइटों पर मालवेयर का हमला, क्रिप्टोकरेंसी और बैंकिंग कार्ड की जानकारी चुराने की कोशिश

BBC, CNN और Zoom जैसी 178 वेबसाइटों पर मालवेयर का हमला, क्रिप्टोकरेंसी और बैंकिंग कार्ड की जानकारी चुराने की कोशिश

Optimizely की सुरक्षा खामी से BBC, CNN, Zoom और HSBC समेत 178 संगठनों की वेबसाइटों पर आने वाले यूजर्स तक मालवेयर पहुंचा। Crocs India भी प्रभावित सूची में शामिल।

Nov 17, 2026
Maruti 800 FIVA Award: कभी आम आदमी के सपनों की पहली सवारी बनी मारुति 800, अब वैश्विक मंच पर मिला ऐतिहासिक सम्मान

Maruti 800 FIVA Award: कभी आम आदमी के सपनों की पहली सवारी बनी मारुति 800, अब वैश्विक मंच पर मिला ऐतिहासिक सम्मान

कभी मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए कार का सपना पूरा करने वाली मारुति 800 ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है।

Nov 17, 2026
आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा का प्रस्ताव, समुद्री सुरक्षा से साइबर ट्रेनिंग तक पीएम मोदी ने रखे 9 सुझाव

आसियान देशों के पर्यटकों को मुफ्त ई-वीजा का प्रस्ताव, समुद्री सुरक्षा से साइबर ट्रेनिंग तक पीएम मोदी ने रखे 9 सुझाव

मनीला में पीएम मोदी ने आसियान शिखर सम्मेलन में मुफ्त ई-वीजा, समुद्री सहयोग योजना, साइबर फोरेंसिक्स ट्रेनिंग और महत्वपूर्ण खनिजों पर साझेदारी सहित 9 प्रस्ताव रखे।

Nov 17, 2026