न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: अहमदाबाद के ओढ़व इलाके का रहने वाला 23 वर्षीय MBBS छात्र ध्वनित राजदीप पिछले 12 दिनों से जॉर्जिया में लापता हैं. बेटे से कोई संपर्क नहीं होने के कारण परिवार गहरे सदमे में हैं. ध्वनित की मां धर्मिष्ठा राजदीप का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि पिता डॉक्टर मयूर राजदीप लगातार बेटे की तलाश में जुटे हुए हैं. परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से बेटे को सुरक्षित वापस लेने की भावुक अपील की हैं.
परिवार के मुताबिक, ध्वनित पढ़ाई में बेहद होनहार छात्र था. वह चार साल पहले मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन गया था लेकिन रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद उसे सुरक्षा कारणों से जॉर्जिया भेज दिया गया. ध्वनित पिछले दो वर्षों से अधिक समय से काकेशस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में MBBS की पढ़ाई कर रहा था. परिवार का कहना है कि वह केवल पढ़ाई पर ध्यान देते था और उसने कई रिसर्च पेपर भी लिखे थे.
बताया जा रहा है कि पिछले एक महीने से ध्वनित जिस PG में रह रहा था, वहां उसे लगातार परेशान किया जा रहा था. परिवार का आरोप है कि दक्षिण भारत के अनिल नामक व्यक्ति के घर में किराए पर रहने के दौरान उसका टिफिन खा लिया जाता था, पैसे चोरी हो जाते थे और कपड़े तक फेंक दिए जाते थे. इन घटनाओं से परेशान होकर ध्वनित ने नया कमरा लेने का फैसला किया था. ध्वनित के पिता डॉक्टर मयूर राजदीप ने आरोप लगाया कि जब उनके बेटे ने कमरा खाली करने और डिपाजिट वापस करने की बात कही तब विवाद शुरू हो गया. परिवार का कहना है कि ध्वनित ने नया कमरा भी ले लिया था और सामान शिफ्ट कर रहा था लेकिन पुराने PG पहुंचने पर उसपर दरवाजा तोड़ने का आरोप लगाकर अतिरिक्त पैसों की मांग की गई. परिवार का दावा है कि दबाव में आकर ध्वनित ने पैसे भी दे दिए थे.
डॉक्टर मयूर के मुताबिक, मामला यही नहीं रुका. उन्होंने आरोप लगाया कि अनिल और उसके साथियों ने ध्वनित का फोन छीन लिया और उसे एक कमरे में बंद कर दिया था. पिता का कहना है कि इस दौरान उनसे पैसों की मांग की गई और उन्होंने बेटे की सुरक्षा के लिए रकम भी भेजी. बाद में ध्वनित वहां से टैक्सी लेकर निकल गया था.
परिवार के अनुसार, हालात बिगड़ने के बाद ध्वनित के लिए भारत वापसी का टिकट भी भेज दिया गया था. 14 मई को ध्वनित अपने कमरे से पासपोर्ट और फोन लेकर निकला था. उसी दिन पिता से उसकी फोन पर बात हो रही थी, लेकिन करीब 20 सेकंड बाद कॉल अचानक कट गया. इसके बाद से उसका फोन लगातार स्विच ऑफ है और उसका कोई सुराग नहीं मिला हैं. परिवार ने तुरंत भारतीय दूतावास, कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस को सूचना दी. हालांकि अब तक ध्वनित का पता नहीं चल पाया हैं. ध्वनित के बड़े भाई मिहिर राजदीप, जो कनाडा में रहते है, भी जॉर्जिया पहुंच चुके है और लगातार पुलिस व कॉलेज प्रशासन से संपर्क कर रहे हैं.
डॉक्टर मयूर राजदीप ने जॉर्जिया में भारतीय छात्रों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन की तरफ से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल रहा हैं. परिवार ने दावा किया है कि ध्वनित के खाते से 6 हजार डॉलर और बाद में 500 डॉलर ट्रांसफर करवाए गए थे. जिसके सबूत पुलिस को सौंप दिए गए हैं. ध्वनित की मां धर्मिष्ठा राजदीप ने बेटे की सुरक्षित वापसी की अपील करते हुए कहा कि जॉर्जिया पुलिस को सभी संदिग्ध लोगों से सख्ती से पूछताछ करनी चाहिए. परिवार का आरोप है कि संदिग्धों को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया जा रहा हैं. अब परिवार गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी से भी मदद की गुहार लगा चुका हैं.
यह भी पढ़े: सनस्क्रीन पर लिखा PA+++ क्या बताता है? सिर्फ SPF नहीं, ये भी है स्किन प्रोटेक्शन का बड़ा राज