केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार, 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे के दौरान तीन पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने संगरूर में गुलजार सिंह के परिजनों को दो से तीन महीने में इंसाफ मिलने का भरोसा दिया। वहीं,गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मिलकर मामले की CBI जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गुलजार के परिवार से मिले अमित शाह
संगरूर के तूर बंजारा गांव में गुलजार सिंह के परिजनों से मुलाकात के दौरान शाह ने परिवार की मांगें सुनीं । परिजनों के मुताबिक, गुलजार ने अपनी मौत से पहले स्थानीय स्तर पर नशे से जुड़े मुद्दों को लेकर दबाव और परेशान किए जाने की बात कही थी,। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने बताया कि अमित शाह ने दोषियों पर कार्रवाई और इंसाफ का भरोसा दिया। परिवार का कहना है कि जब तक इंसाफ नहीं मिलता, तब तक गुलजार की अस्थियां विसर्जित नहीं की जाएंगी।
बिक्रमजीत के परिवार को CBI जांच का भरोसा
गुरदासपुर में अमित शाह ने हत्या के शिकार बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की । परिवार के सदस्यों के अनुसार, शाह ने मामले की CBI जांच और इंसाफ का आश्वासन दिया। परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को नौकरी और आर्थिक मदद देने की मांग भी रखी।
झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपने का फैसला
मानसा में शाह नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के परिवार से भी मिले, झोटा की हत्या के बाद परिजन CBI जांच की मांग कर रहे थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शाह के दौरे से पहले मामले की जांच CBI को सौंपने का ऐलान किया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय इन तीनों मामलों में पंजाब सरकार से रिपोर्ट भी मांग चुका है। दौरे के दौरान शाह के कार्यक्रम में लुधियाना के दरेसी ग्राउंड में दशहरा मेले में शामिल होना और रावण दहन करना भी शामिल है।