नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 11 छात्राओं की शिकायतों से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को BJP महिला सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को लोकसभा से निलंबित करने और शिकायत करने वाली छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
BJP महिला मोर्चा की अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी के मुताबिक, राष्ट्रपति ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है । प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने किया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब JNU प्रशासन पहले ही आंतरिक समिति की जांच के बाद अकोइजम को प्रोफेसर पद से बर्खास्त कर चुका है और दिल्ली पुलिस ने भी FIR दर्ज की है।
JNU की आंतरिक जांच के बाद हुई बर्खास्तगी
JNU ने 9 अक्टूबर को जारी आदेश में अकोइजम को तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय की सेवा से हटाने का फैसला लिया था। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच और उसकी सिफारिशों के आधार पर की गई।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई थीं। शिकायतों में अनुचित व्यवहार और यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। विश्वविद्यालय ने जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की। हालांकि अकोइजम ने आरोपों को खारिज किया है और अपनी बर्खास्तगी को अपने खिलाफ अभियान बताया है।
राष्ट्रपति से शिकायतकर्ता छात्राओं की सुरक्षा की मांग
BJP के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के सामने मांग रखी कि शिकायत करने वाली छात्राओं को सुरक्षा मिले और मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पार्टी सांसदों ने अकोइजम को लोकसभा से निलंबित करने की मांग भी की।
BJP महिला मोर्चा इस मामले को लेकर पहले भी विरोध प्रदर्शन कर चुका है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया था। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस से भी इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की है।
दिल्ली पुलिस ने भी दर्ज की FIR
JNU की शिकायतों से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने 11 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर FIR दर्ज की थी। मामला वसंत कुंज उत्तर थाने में दर्ज किया गया है। FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 और 79 समेत संबंधित प्रावधान लगाए गए हैं।अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।