केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशन पाने वालों को दिवाली से पहले राहत दी है। बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय कैबिनेट ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी । इससे कर्मचारियों का DA 60% से बढ़कर 63% हो जाएगा। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी।
सरकार के मुताबिक इस फैसले से करीब 48.54 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशन पाने वालों को फायदा मिलेगा। इस बढ़ोतरी पर सरकार हर साल करीब 10,016 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
कितनी बढ़ेगी हर महीने की सैलरी?
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर होगी। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 18,000 रुपये है, तो 3 प्रतिशत बढ़ोतरी से उसे हर महीने 540 रुपये ज्यादा मिलेंगे।
वहीं 56,100 रुपये की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को हर महीने 1,683 रुपये का अतिरिक्त महंगाई भत्ता मिलेगा। वास्तविक बढ़ोतरी कर्मचारी की बेसिक सैलरी पर निर्भर करेगी।
जुलाई से मिलेगा बढ़ा हुआ भत्ता
नई दरें 1 जुलाई से लागू होने के कारण कर्मचारियों को जुलाई से लागू बढ़ी हुई दर के हिसाब से बकाया रकम भी मिलेगी । इसका भुगतान कब और किस तरह किया जाएगा, यह सरकार के आगे के आदेशों पर निर्भर करेगा।
इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद यह 60% हो गया था।
महंगाई भत्ता सरकारी कर्मचारियों को बढ़ती कीमतों के असर से राहत देने के लिए दिया जाता है। वहीं, पेंशन पाने वालों को इसी तरह महंगाई राहत (DR) मिलती है।