नई दिल्ली: INDIA ब्लॉक के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए सोमवार सुबह दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली मेट्रो ने सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह प्रमुख स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद रखने का फैसला किया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी यात्रियों को संभावित जाम और रूट डायवर्जन को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है.
विपक्षी दलों के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने की तैयारी में हैं। हालांकि, खबर के मुताबिक, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के सांसदों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस की ओर से लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की गई है।
दिल्ली के 6 मेट्रो स्टेशन बंद
मार्च को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने 6 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं. यह व्यवस्था सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहने की जानकारी दी गई है.ये स्टेश बंद-पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय (सेंट्रल सेक्रेटेरिएट), बाराखंभा रोड इन स्टेशनों के आसपास आवाजाही करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की जरूरत है। मेट्रो सेवा से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए DMRC के आधिकारिक अपडेट देखना उपयोगी रहेगा।
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को राजधानी के कई इलाकों में यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है. मार्च के दौरान जरूरत के मुताबिक कुछ सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट भी किया जा सकता है.पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है। जिन लोगों को प्रभावित इलाकों में जाना जरूरी नहीं है, उन्हें फिलहाल उन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार रूट डायवर्जन में बदलाव संभव है। ऐसे में घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर अपडेट देख लेना बेहतर होगा।
प्रदर्शन को लेकर CJP का अल्टीमेटम
इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति को लेकर दिल्ली पुलिस से तारीख तय करने की मांग की है। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को घोषणा की थी कि वह और पार्टी के अन्य नेता सोमवार सुबह संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाएंगे.CJP के मुताबिक, पार्टी शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहती है और इसके लिए पुलिस से तारीख मांगेगी। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर उसे प्रदर्शन की तारीख नहीं दी गई, तो वह दोबारा प्रदर्शन का आह्वान करेगी।