देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल: चंबा में फ्लैश फ्लड, घरों में घुसा मलबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ से सरोल मोहल्ले समेत कई इलाकों में भारी तबाही हुई। पानी के साथ आए पत्थर और मलबा घरों व दुकानों में घुस गया। कई मकानों की पहली मंजिल तक मलबा भर गया, जबकि 10 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रदेश में अगले छह दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तराखंड: लैंडस्लाइड से केदारनाथ यात्रा रोकी गई
उत्तराखंड में चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भूस्खलन की घटनाएं हुईं। रुद्रप्रयाग के कुंड-काकड़ा के बीच केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने से केदारनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। सोनप्रयाग-गौरीकुंड मार्ग भी बंद है। भारी बारिश के अलर्ट के चलते देहरादून सहित छह जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में छह लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में बिजली गिरने से 11 वर्षीय बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर डूबने की घटनाओं में तीन युवकों की जान चली गई।
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने डीप डिप्रेशन और सक्रिय मानसून ट्रफ के कारण पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड तक बादलों का व्यापक असर बना हुआ है। इसके चलते दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भारी बारिश की संभावना है।
राज्यों का हाल
-
पंजाब-चंडीगढ़: पहली बार रेड अलर्ट जारी, भाखड़ा और पोंग बांध का जलस्तर बढ़ा।
-
हरियाणा: अगले दो दिनों तक तेज बारिश का अलर्ट, अब तक सामान्य से 27% कम बारिश।
-
राजस्थान: 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 2 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना।
-
बिहार: 23 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट, राज्य में अब तक 40% कम वर्षा।
-
मध्य प्रदेश: आठ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, कई स्थानों पर चार इंच या उससे अधिक वर्षा की संभावना।
अगले दो दिन कैसा रहेगा मौसम
29 और 30 जुलाई को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।