पटना। बिहार के हाजीपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से हुए हादसे में 11 लोगों की जान चली गई। मंगलवार देर शाम राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास यह हादसा हुआ। नाव पर 15 से ज्यादा लोग सवार थे और सभी किसी भोज में शामिल होने जा रहे थे। वैशाली के जिलाधिकारी ने 11 मौतों की पुष्टि की है।
दावत में जाने निकले थे, लौटे नहीं
नाव में सवार लोग भोज खाने के लिए नदी पार कर रहे थे। बीच धारा में अचानक नाव पलट गई और सभी लोग पानी में जा गिरे। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग किनारे की ओर दौड़ पड़े। गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई।
रेस्क्यू में 5 लोगों की बची जान
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू किया गया। प्रशासन के मुताबिक अब तक 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। नाव पलटने की वजह की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इसकी जांच की जा रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों में मातम पसरा है। कई घरों में रोने की आवाजें थमने का नाम नहीं ले रहीं। पुलिस मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।