दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) ने कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम को प्रोफेसर के पद से बर्खास्त कर दिया है। यह कार्रवाई यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद की गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के सूत्रों ने बताया कि इस मामले में करीब 10 से 12 छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी।
अकोइजम इनर मणिपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं। वे JNU के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स में प्रोफेसर थे।
जांच के बाद यूनिवर्सिटी ने लिया फैसला
रिपोर्ट के मुताबिक, यूनिवर्सिटी की इंटरनल कमेटी ने शिकायतों की जांच की थी। कमेटी की रिपोर्ट 30 सितंबर को JNU की एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में रखी गई थी। इसके बाद प्रोफेसर को सेवा से हटाने का फैसला लिया गया।
JNU की कुलपति शांतिश्री डी. पंडित के आदेश में कहा गया कि इंटरनल कमेटी की जांच और उसकी सिफारिशों के आधार पर अकोइजम को तत्काल प्रभाव से यूनिवर्सिटी की सेवा से बर्खास्त किया जाता है। आदेश में केंद्रीय सिविल सेवा नियमों का भी जिक्र किया गया है।
ABVP ने पहले किया था प्रदर्शन
इस मामले को लेकर पिछले महीने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की JNU इकाई ने प्रदर्शन किया था। संगठन ने प्रोफेसर को निलंबित करने और सेवा से हटाने की मांग की थी। बर्खास्तगी के बाद ABVP ने इसे कैंपस में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम बताया।