तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल से 26 अक्टूबर की रात 17 कैदी फरार हो गए । कैदियों ने कथित तौर पर एक साथी को मिर्गी का दौरा पड़ने की बात कहकर जेल कर्मचारियों को बुलाया और फिर उन पर हमला कर दिया। इसके बाद चाबियां छीनकर जेल से बाहर निकल गए, पुलिस ने पांच कैदियों को दोबारा गिरफ्तार कर लिया है 12 अब भी फरार हैं। घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में नौ जेल कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
मिर्गी का दौरा पड़ने का शोर मचाकर भागे कैदी
घटना रात करीब 10 बजे जेल के तीसरे ब्लॉक में हुई, एक कैदी की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर जेल प्रहरी अंदर पहुंचे. तभी कैदियों ने उन्हें काबू कर लिया। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को भी निशाना बनाया गया । इसके बाद कैदी चाबियां लेकर मुख्य द्वार खोलने में सफल रहे और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गईं और आसपास के जिलों में भी निगरानी बढ़ाई गई।
जेल की क्षमता से अधिक बंद थे कैदी
थेनी जिला जेल की निर्धारित क्षमता 200 कैदियों की बताई गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को यहां 334 कैदी बंद थे यानी क्षमता से 134 अधिक। हालांकि, इस स्थिति और सुरक्षा में चूक के बीच संबंध की जांच की जा रही है ।
नौ जेल कर्मचारी निलंबित
घटना के बाद वरिष्ठ जेल और पुलिस अधिकारियों ने जेल का दौरा कर हालात की समीक्षा की। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में नौ कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मामले में सुरक्षा व्यवस्था की चूक और कैदियों के फरार होने की परिस्थितियों की जांच भी की जा रही है।