अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। क्रेस्टहेवन के पास एक लियरजेट 60 विमान क्रैश हो गया, जिसमें सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान जमीन से टकराते ही आग के गोले में तब्दील हो गया। हादसे के बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया और चारों तरफ आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दिखाई दिया।
बिजली की लाइन से टकराने का दावा
हादसे के बाद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि विमान क्रैश होने से पहले बिजली की लाइन से टकराया था। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
NTSB करेगा हादसे की जांच
दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेगा। जांच में विमान के तकनीकी पहलुओं और हादसे से पहले की परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।
ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से 14 किमी दूर हुआ हादसा
क्रैश की जगह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के मार-ए-लागो आवास से करीब 14.4 किलोमीटर दूर बताई गई है। दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 (N722BD) था। इसमें दो इंजन होते हैं और इसकी उड़ान क्षमता करीब 4,400 किलोमीटर बताई जाती है।