न्यूज11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद प्रखंड के बेल बिगहा पंचायत अंतर्गत काजरात गांव के कड़मरी टोला में सोमवार दोपहर बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय मजदूर बिजेंद्र राम की मौत हो गई. वह बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर थाना क्षेत्र के रजबरिया गांव का निवासी था. प्राप्त जानकारी के अनुसार बिजेंद्र राम दो अन्य मजदूरों के साथ सोमन प्रजापति के खेत में धान का खेत तैयार करने का कार्य कर रहा था. इसी दौरान तेज बारिश और गर्जना शुरू हो गया. बारिश से बचने के लिए तीनों मजदूर एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए. अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली चमकने पर सभी भागने लगे, लेकिन उसी बीच बिजेंद्र राम वज्रपात की चपेट में आ गया, जबकि दोनों साथी सुरक्षित बच निकले. ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है. हालांकि परिजन हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल से शव को बिहार अपने गांव ले कर चले गए.
यह भी पढ़ें: उपायुक्त के निर्देश पर टूल रूम आईटीआई, गोला में निःशुल्क वेल्डिंग प्रशिक्षण के लिए आवेदन आमंत्रित