सुदेश महतो

आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो का चंदवा व नगर में हुआ भव्य स्वागत

रैयतों व मेनपावर कर्मियों ने समस्याओं को लेकर सौंपा आवेदन, अधिकारों की रक्षा का मिला भरोसा

By : Ark Sahuliyar
आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो का चंदवा व नगर में हुआ भव्य स्वागत

न्यूज़11 भारत 
चंदवा/डेस्क:
आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो का रविवार को चंदवा के इंदिरा गांधी चौक एवं नगर क्षेत्र में आजसू कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. सुदेश महतो सड़क मार्ग से चंदवा होते हुए बालूमाथ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका फूल-मालाओं से अभिनंदन किया.

इंदिरा गांधी चौक पर आजसू जिलाध्यक्ष अमित पांडेय एवं प्रखंड अध्यक्ष विवेक उर्फ राजा दुबे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सुदेश महतो का स्वागत किया. वहीं, नगर क्षेत्र में पार्टी के जिला प्रवक्ता संजीव कुमार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.

इस दौरान स्थानीय रैयतों एवं मेनपावर कर्मियों ने सुदेश महतो से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया तथा लिखित आवेदन सौंपा. आवेदन के माध्यम से अभिजीत प्लांट को अपने आधिपत्य में लेने वाली ओएएसपीएल कंपनी में शेष बचे मेनपावर कर्मियों को पुनः बहाल करने, लंबित वेतन एवं भविष्य निधि (पीएफ) की राशि का भुगतान कराने की मांग की गई. रैयतों एवं मेनपावर कर्मियों ने कंपनी प्रबंधन पर रैयतों के साथ कपटपूर्वक छल करने का आरोप लगाते हुए उनके अधिकारों की रक्षा के लिए पहल करने की मांग की.

समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद सुदेश महतो ने रैयतों को भरोसा दिलाया कि किसी भी रैयत के अधिकार को छिनने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि रैयतों के हित और अधिकारों की रक्षा के लिए जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा. मौके पर मेनपावर संघ के अध्यक्ष चंद्रदेव उरांव, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आजसू पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे.