न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: राजधानी रांची के डोरंडा इलाके में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रीजनल पे एंड अकाउंट्स ऑफिस से जुड़े तीन अधिकारियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक सीनियर अकाउंट ऑफिसर और दो असिस्टेंट अकाउंटेंट ऑफिसर शामिल हैं. CBI के अनुसार गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान सीनियर अकाउंट ऑफिसर संतोष कुमार महतो तथा असिस्टेंट अकाउंटेंट ऑफिसर सुनील कुमार और सुजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है.
आरोप है कि तीनों अधिकारी पिछले करीब एक वर्ष से TA, CEA और PPO से संबंधित बिलों को पास करने के एवज में रिश्वत और कमीशन की मांग कर रहे थे. बिलों के भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर कथित रूप से मोटी रकम मांगी जाती थी. कार्रवाई के दौरान CBI की टीम ने आरोपियों के आवासीय परिसरों पर भी छापेमारी की. तलाशी के दौरान नकदी, जेवरात और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई है. इसके अलावा आरोपियों के बैंक खातों और पासबुक की भी जांच की जा रही है.
CBI की टीम फिलहाल संबंधित कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाल रही है. अधिकारियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित भ्रष्टाचार की कड़ियों की भी जांच की जा रही है. CBI ने आम लोगों से अपील की है कि यदि केंद्रीय सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो इसकी सूचना एजेंसी को दी जा सकती है. CBI के मुताबिक, 9470590422 नंबर पर कॉल या WhatsApp के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- हजारीबाग भूमि घोटाला: छह आरोपियों को बड़ा झटका, अग्रिम जमानत याचिका खारिज