पंकज कुमार/न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा प्रखंड के गुनिया गांव स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में चल रहे भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति जताई है. सोमवार को ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार सुशील खाखा को लिखित आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की. ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय भवन का निर्माण निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है. आवेदन में कहा गया है कि निर्माण कार्य में तीन नंबर ईंट का उपयोग किया जा रहा है. वहीं सीमेंट और बालू का मिश्रण भी मानक के अनुरूप नहीं है तथा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही बालू में अत्यधिक मिट्टी मिली हुई है, जिससे भवन की मजबूती और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण सामग्री और कार्य की तकनीकी जांच कराकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित किया जाए. उनका कहना है कि सरकारी राशि से बनने वाले विद्यालय भवन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे. फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की कार्रवाई पर ग्रामीणों की निगाहें टिकी हुई हैं.