विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्मश्री से सम्मानित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर बरही चौक में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर झारखंड सहित जिले के सबसे प्रमुख बरही चौक का नामकरण "दिशोम गुरु शिबू सोरेन चौक" के रूप में किया गया. बताते चलें यह चौक देश के चार महानगरों को भी जोड़ती है.
कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती, पुलिस अधीक्षक, झारखंड मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. वक्ताओं ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में शिबू सोरेन का योगदान ऐतिहासिक रहा है और हजारीबाग से उनका विशेष जुड़ाव था. इसी सम्मान में चौक का नाम उनके नाम पर रखा गया है. झामुमो जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया ने बताया कि आने वाले समय में इस चौक पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, ताकि नई पीढ़ी उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा ले सके.
इसे भी पढ़ें: मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का शव पहुंचा पैतृक गांव, उमड़ी ग्रामीणों की भीड़; कल होगा अंतिम संस्कार