नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: मुहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बसिया थाना सभागार में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता बसिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सुधीर प्रकाश ने की. बैठक में मुख्य रूप से बसिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव शंकर मरांडी और बसिया की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया भगत मुख्य रूप से मौजूद रहे.
आपसी भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार: एसडीओ
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ सुधीर प्रकाश ने उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों और त्योहार कमेटियों के सदस्यों से अपील की. उन्होंने कहा: "मुहर्रम का त्योहार पूरी तरह से शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाएं. प्रशासन हर कदम पर आपके सहयोग के लिए तैयार है. त्योहार की पवित्रता और आपसी सौहार्द बना रहना चाहिए."
विवादित पोस्ट करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: एसडीपीओ
वहीं, बसिया एसडीपीओ शिव शंकर मरांडी ने कड़े लहजे में उपद्रवी तत्वों और सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों को चेतावनी दी. उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए. किसी भी प्रकार का विवादित या भड़काऊ पोस्टर/सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट न करें.एसडीपीओ ने साफ किया कि सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म्स पर प्रशासन की साइबर सेल पैनी नजर रख रही है. माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी शरारती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा.
बैठक में उपस्थित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में त्योहार को पूरी परंपरा और शांति के साथ मनाया जाएगा. इस मौके पर थाना के सभी पदाधिकारी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से अफान खान, पप्पू होता, जेडी नायक, मुंतज़िर खान, सोनू पांडे, अलीम खान अभय चौधरी,कार्तिक भगत, आदि उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: भुरकुंडा कोलियरी के सीसीएल कॉलोनी जवाहर नगर में ट्रांसफार्मर में लगी भीषण आग