मनीष मंडल/ न्यूज 11 भारत
बेंगाबाद/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी, बेंगाबाद के तत्वावधान में प्रखंड मुख्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर इसे सफल बनाया. धरने का मुख्य उद्देश्य बेंगाबाद के अंचल व प्रखंड कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर अधिकारियों को जगाना था.
भारतीय जनता पार्टी जिला गिरिडीह ग्रामीण द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन में किसानों की फसल बर्बादी, जमीन दाखिल-खारिज में हो रही देरी और कार्यालयों में रिश्वतखोरी के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई गई. वक्ताओं ने कहा कि प्रखंड में आम जनता के काम बिना पैसे के नहीं हो रहे हैं. गरीब किसान दाखिल-खारिज के लिए महीनों भटक रहे हैं. फसल बर्बादी पर मुआवजा भी समय पर नहीं मिल रहा.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा जी ने सरकार की किसान विरोधी नीतियों पर हमला बोला. कार्यक्रम प्रभारी जिला महामंत्री संदीप दंगाइच जी ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारी जनता का शोषण कर रहे हैं. प्रदेश उपाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती विनीता कुमारी जी ने महिलाओं की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि कार्यालयों में सुनवाई नहीं हो रही.
धरना स्थल पर भाजपा बेंगाबाद अध्यक्ष सौरभ मिश्रा, छोटकी खरगडीहा मंडल अध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद वर्मा, मुखिया महेंद्र प्रसाद वर्मा, राजेंद्र प्रसाद वर्मा, हेमराज साव , सुरेंद्र लाल, रंजीत मरांडी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे. सभी ने एक स्वर में मांग की कि भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई हो, दाखिल-खारिज प्रक्रिया सरल हो और किसानों को फसल नुकसान का तुरंत मुआवजा मिले. कार्यक्रम के अंत में प्रखंड प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी गई कि यदि मांगें पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: DC ऋतुराज ने किया उत्क्रमित उच्च विद्यालय दाड़ीडीह का औचक निरीक्षण; शिक्षा गुणवत्ता-मूलभूत सुविधाएं सुधारने का निर्देश