न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: JPSC-JSSC परीक्षा और छात्रों की मांगों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर छात्रों की समस्याओं के समाधान के बजाय आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया. भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने कहा कि जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में भारी बारिश के बावजूद छात्र अपने हक की लड़ाई के लिए डटे हुए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय आंदोलन को अटकाने और भटकाने का प्रयास कर रही है.
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अब आर-पार की लड़ाई बन चुका है. सरकार द्वारा छात्रों के बीच फूट डालने की कोशिश की जा रही है. अलग-अलग छात्र संगठनों से अलग-अलग बातचीत कर आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है. शशांक राज ने कहा कि यदि सरकार ने पहले ही सभी पक्षों को साथ लेकर बातचीत की होती, तो राज्य में कथित “नौकरी घोटाले” जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती. उन्होंने मुख्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री आवास आंदोलन स्थल से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर है, बावजूद इसके अब तक मुख्यमंत्री छात्रों से मिलने नहीं पहुंचे हैं. इससे सरकार की संवेदनहीनता स्पष्ट होती है.
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में सॉल्वर गैंग, वसूली गैंग और अन्य नेटवर्क सक्रिय रहे हैं, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई है. उन्होंने परीक्षा रद्द करने, परीक्षा प्रक्रिया में आवश्यक सुधार करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि 10 अगस्त को होने वाले विधानसभा घेराव का भाजयुमो समर्थन करता है. साथ ही उन्होंने राज्यभर के युवाओं और छात्रों से अपील की कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस आंदोलन में शामिल हों. शशांक राज ने कहा कि यह सिर्फ एक आंदोलन नहीं, बल्कि झारखंड में युवाओं की नौकरी बचाने की लड़ाई है.