वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज़ 11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड के लिए गर्व का पल आया है. पड़रिया गांव निवासी मोहन प्रसाद यादव की नातिन खुशबू कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए बाल विकास विभाग में अधिकारी पद प्राप्त किया है.
खुशबू ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा और BPSC की पूरी तैयारी चौपारण स्थित अपने ननिहाल में रहकर की. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी. निरंतर परिश्रम, कड़ा अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है.
उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे चौपारण प्रखंड में खुशी और गौरव का माहौल है. खुशबू की सफलता क्षेत्र के युवाओं, खासकर छात्राओं के लिए मिसाल बन गई है. उन्होंने साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और मेहनत के आगे हर बाधा छोटी पड़ जाती है.
खुशबू की सफलता की खबर मिलते ही उनके ननिहाल और पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया. परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों का बधाई देने के लिए तांता लग गया. सभी ने खुशबू को फूल-मालाओं से सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुशबू की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देती रहेगी.
यह भी पढ़ें: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बहरागोड़ा में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस