न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू परिसदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी कि प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के मीडिया संयोजक डॉ. एम. तौसीफ ने केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने एमएमडीआर बिल संशोधन और चंदा चोरी के मुद्दों पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने बिना राज्य के लोगों से संवाद किए इस विधेयक को पास किया है, जो पूरी तरह से अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया है.
डॉ. तौसीफ ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए यह संशोधन विधेयक लाई है. झारखंड देश का ऐसा राज्य है जहां अकेले 40 से 45 प्रतिशत खनिज संपदा पाई जाती है. यहां के कोयले से देश के बड़े शहरों को रोशन किया जाता है. यदि झारखंड अपना संसाधन रोक दे तो अन्य बड़े शहरों में अंधेरा छा जाएगा. उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार बकाया राशि और संसाधनों के हक को दबाकर झारखंड में चल रही मैया सम्मान योजना, वृद्धा पेंशन, सड़क और आवास निर्माण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को बाधित करना चाहती है. इस प्रेस वार्ता में पलामू जिला अध्यक्ष विमला कुमारी कांग्रेस के मुकेश कुमार सिंह जितेंद्र कुमार मौजूद रहे.