न्यूज़ 11 भारत .
राजगंज/डेस्क : राजगंज स्थित बड्स गार्डेन स्कूल के खेल मैदान में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि टुंडी विधायक सह झारखंड विधानसभा के सचेतक मथुरा प्रसाद महतो उपस्थित रहे. उनके साथ बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल, राजगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार झा, तोपचांची प्रमुख सह राजगंज जिला परिषद सदस्य बानी देवी, संस्कार ज्ञानपीठ हरना के निदेशक मुकेश राय, किड्स गार्डेन स्कूल, धनबाद की प्राचार्या स्नेहलता सिन्हा, गुरुकुलम स्कूल धनबाद की प्राचार्या रितिका सिंह, जीएम पब्लिक स्कूल गोमो के प्राचार्य बादल मंडल, कबड्डी संघ के अध्यक्ष प्रदीप मंडल, सीबीएसई कबड्डी ऑब्जर्वर प्रवीण कुमार एवं धनबाद वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष सूरज कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के बैंड ग्रुप एवं एनसीसी की छात्राओं द्वारा मार्च पास्ट करते हुए अतिथियों को मंच तक पहुंचाने से हुई. इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया. अतिथियों ने फाइनल मुकाबले में पहुंचे खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया. इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं झारखंड के लोकगीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए. अतिथियों के स्वागत में स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत भी प्रस्तुत किया गया.
विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद चौरसिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर प्रकाश डाला. मुख्य अतिथि मथुरा प्रसाद महतो ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में निरंतर मेहनत से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश के लिए पदक जीत सकते हैं.
फाइनल मुकाबलों को देखने के लिए बड्स गार्डेन स्कूल परिसर में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी. अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए मुकाबलों का जमकर आनंद लिया. पूरे परिसर में खेल भावना और उत्साह का माहौल बना रहा.
ये टीमें बनीं विजेता और उपविजेता
- 19 वर्ष आयु वर्ग में दव पब्लिक स्कूल गांधीनगर, सीसीएल, रांची, झारखंड की टीम विजेता रही, जबकि फाउंडेशन अकादमी, बिहटा, पटना, बिहार की टीम उपविजेता रही.
- 17 वर्ष आयु वर्ग में राधाकृष्णा विद्या मंदिर, भागलपुर, बिहार विजेता तथा ज्ञान निकेतन, विट्ठल, दानापुर, पटना की टीम उपविजेता रही.
- वहीं 14 वर्ष आयु वर्ग में सिटी पब्लिक स्कूल, गया, बिहार विजेता तथा ओपन माइंड स्कूल, दानापुर, पटना की टीम उपविजेता रही. सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया.
- प्रतियोगिता को सफल बनाने में सीबीएसई से आए ऑब्जर्वर एवं निर्णायकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. विद्यालय परिवार की ओर से चेयरमैन ए.के. पाल, संजय तिवारी, रुपेश चौरसिया, रविंद्र नाथ महतो, शिबू महतो, जितेंद्र रवानी, दिलीप सिंह, देवान सोरेन, संतोष सिंह सहित तमाम सदस्यों ने आयोजन की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के पीटीआई शिक्षक मुकेश राय ने खेल ध्वज को सम्मानपूर्वक नीचे उतारा, जिसके साथ ही सीबीएसई क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता 2026 के समापन की घोषणा की गई.
यह भी पढ़ें: मोहम्मदगंज में दो बाइकों की भिड़ंत में डेढ़ माह की बच्ची की मौत, तीन घायल