न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. शुक्रवार को आंदोलन के समर्थन में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) द्वारा निकाले गए विधानसभा मार्च के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर एक युवक ने स्याही फेंकने की कोशिश की.
घटना के बाद मौके पर मौजूद AISA कार्यकर्ताओं और छात्रों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को हिरासत में लिया. भीड़ के बीच से उसे सुरक्षित बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. घटना के बाद नेहा बोरा ने कहा कि, "आंसू गैस और पैलेट गन से नहीं डरे, तो स्याही से क्या डरेंगे".
AISA ने निकाला विधानसभा की ओर मार्च
इससे पहले नेहा बोरा रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचीं, जहां पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से उन्होंने मुलाकात की और उनके आंदोलन को समर्थन दिया. इसके बाद उनके नेतृत्व में AISA और विभिन्न वामपंथी एवं जनवादी छात्र संगठनों ने झारखंड विधानसभा की ओर मार्च निकाला. दरअसल, JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छात्र पिछले लगभग दो सप्ताह से आंदोलनरत हैं. प्रदर्शनकारी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.