न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: दहेज मुक्त झारखंड संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंधु मिश्रा ने आज झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस अवसर पर उन्होंने संस्था के उद्देश्यों, सामाजिक सरोकारों तथा आगामी योजनाओं की विस्तृत जानकारी राज्यपाल को दी. साथ ही संस्था द्वारा दहेज प्रथा के खिलाफ चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियानों से भी अवगत कराया.
मुलाकात के दौरान सिंधु मिश्रा ने कहा कि दहेज प्रथा आज भी समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बनी हुई है. जब दहेज की मांग और उससे जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं, तब अनेक परिवारों, विशेषकर बहनों और बेटियों को मानसिक एवं सामाजिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. कई मामलों में स्थिति अत्यंत गंभीर और भयावह हो जाती है, जिसके बाद पीड़ित परिवार सहायता की गुहार लगाते हैं.
उन्होंने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को दहेज प्रथा के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है. यदि आज के युवा दृढ़ संकल्प के साथ दहेज लेने और देने का विरोध करें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं, तो इस सामाजिक बुराई को काफी हद तक समाप्त किया जा सकता है.
राज्यपाल ने संस्था की सोच और उद्देश्यों को सराहनीय बताते हुए कहा कि दहेज जैसी कुप्रथा के विरुद्ध समाज में जागरूकता फैलाना समय की आवश्यकता है. उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की तथा दहेज मुक्त झारखंड संस्था को अपनी शुभकामनाएं प्रदान करते हुए भविष्य में सहयोग और मार्गदर्शन का आश्वासन दिया. इस अवसर पर संस्था की ओर से दहेज उन्मूलन, महिला सम्मान और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई. संस्था ने राज्यपाल के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया.
यह भी पढ़ें- GRDA ने डोरंडा पीएचसी को मुहैया कराया एंबुलेंस, नगर विकास मंत्री ने हरी झंडी दिखा किया रवाना