न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: आजसू छात्र संघ के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि झामुमो के आईटी सेल द्वारा सोशल मीडिया पर यह खबर चलाई जा रही है कि आजसू पार्टी का कार्यक्रम फेल हो गया. यह पूरी तरह भ्रामक और राजनीतिक दुष्प्रचार है.
उन्होंने झामुमो नेताओं से सवाल किया कि आजसू पार्टी ने कब घोषणा की थी कि अमुक तिथि को कोई बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा? कार्यक्रम के लिए किस स्थान पर आवेदन दिया गया था? जब आजसू पार्टी ने किसी कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा ही नहीं की थी, तो उसके सफल या असफल होने का सवाल कहां से पैदा होता है?
अभिषेक राज ने कहा कि आजसू पार्टी आंदोलनकारी पार्टी है. पार्टी जब किसी आंदोलन या कार्यक्रम का निर्णय लेती है, तो पूरी ताकत और तैयारी के साथ उसे धरातल पर उतारती है. किसी के दबाव या राजनीतिक षड्यंत्र से आजसू के कार्यकर्ताओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता.
उन्होंने झामुमो को चेतावनी देते हुए कहा कि आजसू पार्टी को उकसाने का प्रयास न करें. सोशल मीडिया पर झूठ और भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश बंद होनी चाहिए. झामुमो के नेताओं को अपनी सरकार और अपने कामकाज का हिसाब जनता को देना चाहिए, न कि आजसू पार्टी के काल्पनिक कार्यक्रमों की सफलता-असफलता पर टिप्पणी करनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी जनता के सवालों, युवाओं के अधिकार और झारखंड के हितों को लेकर हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी. आजसू जब कार्यक्रम तय करेगी, तब उसकी ताकत का अंदाजा झामुमो को स्वयं हो जाएगा.