न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: JPSC-JSSC समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं को लेकर रांची में छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है. छात्रों के प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच हुई वार्ता भी विफल रही, जिसके बाद छात्रों ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. इसी बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम महतो ने भी अभ्यर्थियों के समर्थन में आज एक दिवसीय अनशन पर बैठने की घोषणा की है.
बताते चलें छात्रों के आंदोलन का आज 16 वां दिन है. वहीं देवेंद्र नाथ महतो के भूख हड़ताल का आज 8 वां दिन है. देवेंद्र नाथ महतो के अलावा भी कई छात्र आमरण अनशन पर बैठे हैं, जिनमें से एक छात्र राहुल की शुक्रवार सुबह तबीयत ख़राब हो गयी थी. राहुल की स्थिति बिगड़ने के बाद उसे रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
सुझाव के लिए ईमेल आईडी जारी
कल शनिवार को छात्रों के दूसरे गुट से वार्ता के बाद सरकार ने इस मुद्दे पर राज्यभर के छात्रों का सुझाव लेने के लिए एक ईमेल आईडी Jpsc.jssc.feedback@gmail.com जारी किया है. सरकार का कहना है कि जो छात्र दूर दराज से रांची नहीं आ पा रहे हैं वह अपनी शिकायत और तमाम सुझाव इस ईमेल पर साझा कर सकते हैं. छात्र ईमेल आईडी के माध्यम से सरकार तक अपना सुझाव पहुंचा सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में 12 अगस्त तक बारिश की संभावना, आज देवघर-दुमका समेत कई जिलों में वर्षा के साथ वज्रपात का अलर्ट