संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कामेश्वर अवध इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन में 'वीर भारत' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. स्कूल के चेयरमैन संजीव कुमार तिवारी की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम को मैनेजमेंट हेड आर्क तिवारी एवं विजय दुबे द्वारा संचालित किया गया.
कार्यक्रम का उद्घाटन परमवीर चक्र से सम्मानित फौजी योगेंद्र सिंह यादव, कुलपति डॉ. डीके सिंह, एसडीओ संजय पांडेय, बीडीओ लवकेश सिंह एवं चेयरमैन संजीव कुमार तिवारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस मौके पर परमवीर चक्र विजेता योगेंद्र सिंह यादव ने कारगिल युद्ध की अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर उपस्थित लोग रोमांच और देशभक्ति की भावना से भर गए. उन्होंने बच्चों को जीवन में कभी हार न मानने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता के लिए लगातार संघर्ष जरूरी है. उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर समय बर्बाद करने के बजाय राष्ट्र निर्माण और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की.
कुलपति डॉ. डीके सिंह ने पलामू के बच्चों की प्रतिभा की सराहना की, जबकि नगर आयुक्त रंजीत लाल ने बच्चों के कार्यक्रमों को अद्भुत बताया. सदर एसडीओ संजय पांडेय ने कहा कि जिद और जज्बे वाले ही इतिहास रचते हैं.
चेयरमैन संजीव कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने यह स्कूल व्यवसाय के लिए नहीं, बल्कि अभाव के कारण किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहने देने के उद्देश्य से शुरू किया है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति पूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिनकी जमकर सराहना हुई. इस दौरान पलामू के शहीदों के परिजनों को भी सम्मानित किया गया. समारोह में डॉ. सुशील पांडेय, हृदयानंद मिश्रा, आर्क तिवारी, विजय दुबे और पप्पू साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: जहां कल फहरेगा तिरंगा, वहां पसरा है कीचड़, किसान भवन के सामने स्थिति बदहाल