न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए सोमवार को विधायक समीर कुमार मोहंती के नेतृत्व में शिक्षा, सड़क और बिजली से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया. झारखंड शिक्षा परियोजना के अंतर्गत पीएम प्लस-2 उच्च विद्यालय खंडमौदा में छात्रों की सुविधा के लिए 10 अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर विधिवत भूमि पूजन किया गया. इससे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी. वहीं विधायक निधि से जयपुरा गांव में दो स्थानों पर पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा गांवों की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी.
इसके अलावा बहरागोड़ा फॉरेस्ट गेस्ट हाउस के समीप बिजली विभाग की महा-विद्युतीकरण योजना का भी भूमि पूजन किया गया. इस योजना के माध्यम से ग्रामीण, शहरी एवं कृषि क्षेत्रों में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है. इस अवसर पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षाड़ंगी, प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि गौरव पुष्टि, मुखिया राम मुर्मू, रासबिहारी साहू, मिंटू पाल, रिंकू माईती, चंदन सीट, तपन पैड़ा, यदूपति राणा सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे. क्षेत्रवासियों ने इन विकास योजनाओं का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि शिक्षा, सड़क और बिजली से जुड़ी ये परियोजनाएं बहरागोड़ा के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
यह भी पढ़ें: 12 साल नहीं, 24 कथित घोटालों का कार्यकाल'- जेएमएम का केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला