न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची पुलिस ने नगड़ी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन PLFI के दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान अरुण लोहरा और सूरज लोहरा के रूप में हुई है. दोनों आरोपी खूंटी जिले के बेलवादाग गांव के निवासी हैं.
पुलिस के अनुसार, व्यवसायी बजरंग महतो से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी. इस संबंध में नगड़ी थाना में मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सफायर स्कूल के समीप गिरफ्तार किया. जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी अपाची मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे थे और पूछताछ के दौरान उन्होंने लेवी की राशि लेने आने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने उनके पास से पीएलएफआई के दो पर्चे, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है.
बरामद पर्चों में राजेश यादव के नाम का उल्लेख पाया गया है. पुलिस इस मामले में संगठन से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. रांची एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है. मामले की आगे की जांच जारी है.
यह भी पढ़ें- तोपचांची थाना क्षेत्र के टी रोड में भीषण सड़क हादसा, युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल