न्यूज़11 भारत
सरायकेला/डेस्क: जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में एक महिला मजदूर भी शामिल है, जबकि तीन मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है.जानकारी के अनुसार, यह हादसा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज-2बी, प्लॉट संख्या 33 स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री परिसर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए. विस्फोट की आवाज सुनते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हादसा गैस रिसाव, सिलेंडर विस्फोट या किसी अन्य तकनीकी कारण से हुआ. पुलिस ने फैक्ट्री में मौजूद अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही घायलों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं और हादसे के समय सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी थी. फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी.